समाजसेवी राजेश जोया के समर्थन में युवाओं का प्रदर्शन
सीकर. नीट छात्र प्रदीप महीच आत्महत्या प्रकरण में पीड़ित परिवार के समर्थन में सक्रिय रहे समाजसेवी राजेश जोया के पक्ष में शुक्रवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन, डीएएसएफआई, भारत मुक्ति मोर्चा, भीम आर्मी सहित अन्य संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डाक बंगला से जिला कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मीडिया में प्रसारित कुछ खबरों तथा पुलिस अधिकारियों के बयानों में राजेश जोया को हिस्ट्रीशीटर एवं हत्या सहित कई मामलों का आरोपी बताया गया, जबकि समर्थकों के अनुसार उन्हें संबंधित मामलों में न्यायालय द्वारा दोषमुक्त किया जा चुका है। ज्ञापन में मांग की गई कि दोषमुक्ति के बाद भी उन्हें आरोपी बताने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, हिस्ट्रीशीट खोले जाने की न्यायिक जांच करवाई जाए तथा दोषमुक्ति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।
सामाजिक कार्यकर्ता रवि मेघवाल ने कहा कि पीड़ितों की सहायता करना और उनके समर्थन में शांतिपूर्ण आंदोलन करना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के मुद्दों पर आवाज उठाने वाले लोग किसी भी दबाव से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
वहीं भीम आर्मी जिला अध्यक्ष एडवोकेट जयस्वामी कल्याण ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को न्यायालय द्वारा दोषमुक्त किया जा चुका है, तो उसे सार्वजनिक रूप से आरोपी बताना उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने जैसा है। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
सोनिया जोया ने कहा कि उनके भाई राजेश जोया के साथ अन्याय हुआ है और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।