सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

ग्रामीण सेवा शिविर में मौके पर जारी हुआ आवासीय पट्टा, परिवादी को मिली बड़ी राहत : ग्रामीण सेवा शिविर–2025 बना आमजन के लिए त्वरित समाधान का माध्यम

सीकर | 25-Dec-2025 08:24 PM | 385 |
सीकर
ग्रामीण सेवा शिविर–2025 बना आमजन के लिए त्वरित समाधान का माध्यम

फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर–2025 ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत समिति फतेहपुर के अंतर्गत भू-अभिलेख निरीक्षक गांगियासर स्तर पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक उल्लेखनीय प्रकरण का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे परिवादी को बड़ी राहत मिली।

 

राजस्व ग्राम गांगियासर निवासी सम्पत देवी पत्नी महेश कुमार, जाति मेद्यवाल, ने अपने आवासीय भूखण्ड के पट्टे हेतु शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उपखण्ड अधिकारी फतेहपुर ने मौके पर उपस्थित हल्का पटवारी को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देशानुसार संबंधित राजस्व कार्मिकों द्वारा शिविर स्थल पर ही सम्पूर्ण पत्रावली तैयार की गई। तत्पश्चात सम्पत देवी के नाम 209.66 वर्गगज का आवासीय पट्टा जारी कर उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया गया।

 

परिवादी ने बताया कि आवासीय भूमि का विधिवत पट्टा नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय से अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पट्टे के अभाव में वे केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित थीं, वहीं बैंक से ऋण प्राप्त करने में भी कठिनाइयां आ रही थीं। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से मौके पर ही पट्टा जारी होने से अब उन्हें इन सभी समस्याओं से स्थायी राहत मिल गई है।

 

पट्टा प्राप्त होने पर सम्पत देवी ने जिला प्रशासन, शिविर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन के लिए राजस्थान सरकार एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद ज्ञापित किया। यह प्रकरण ग्रामीण सेवा शिविरों की उपयोगिता, पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है, जिससे ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.