PHM NEWS

जगतपुरा में नववर्ष पर हरियाली का संकल्प

प्रकाशित: 02 Jan 2026

सीकर. नववर्ष एवं प्रख्यात साहित्यकार मनसुख रणवा ‘मनु’ की जयंती के अवसर पर जगतपुरा गांव में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल की गई। पर्यावरण प्रेमी अभिलाषा रणवा के नेतृत्व में गांव में सैकड़ों फलदार व छायादार पौधों का सामूहिक रूप से पौधारोपण किया गया। इस अभियान में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली।

 

कार्यक्रम के दौरान सिताफल, आंवला, अनार, जामुन, पारिजात, अर्जुन, नीम, टर्मेनिया और अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर अभिलाषा रणवा ने घोषणा की कि वर्ष 2026 में अपने पिता साहित्यकार मनसुख रणवा की स्मृति में जगतपुरा गांव में 5000 फलदार पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि जगतपुरा गांव को पूरे क्षेत्र के लिए एक रोल मॉडल बनाया जाएगा। इसके तहत गांव को हरा-भरा रखने, प्लास्टिक मुक्त बनाने, स्वच्छता बढ़ाने और घर-घर सोख्ता गड्ढे बनाकर वेस्टेज पानी के समुचित निस्तारण की योजना पर कार्य किया जाएगा।

 

ग्रामीणों ने डॉ. अभिलाषा रणवा का शॉल एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया। मंच संचालन शिक्षक निवास कुमार ने किया। उल्लेखनीय है कि मोक्ष भूमि में गत वर्ष लगाए गए 150 पौधे अब फलीभूत हो रहे हैं, जो इस अभियान की सफलता का प्रतीक हैं। कार्यक्रम में डॉ. दुर्गा रणवा, भंवर लाल ढाका सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।