जल शक्ति अभियान “कैच द रेन 2025” की समीक्षा बैठक संपन्न
सीकर. जल शक्ति अभियान “कैच द रेन 2025” की थीम पर शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डी. साईंबाबा, संयुक्त शासन सचिव, ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार एवं केंद्रीय नोडल अधिकारी ने की। उन्होंने जिले में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस अभियान का लक्ष्य वर्षा जल संचय को बढ़ावा देना, जल निकायों का जीर्णोद्वार करना, व्यापक वृक्षारोपण करना तथा जन-जागरूकता को मजबूत कर जल संकट का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करना है।
डी. साईंबाबा ने अधिकारियों से कहा कि जल संरक्षण कार्यों में समुदाय की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। स्कूलों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से लोगों को वर्षा जल जैसे उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने बताया कि जल प्रबंधन में छोटे-छोटे स्थानीय प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान, जल जीवन मिशन और कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभागवार कार्ययोजना और आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा की।
समीक्षा बैठक में रमेश कुमार मीणा, अधीक्षण अभियंता (जलग्रहण विकास), गुलजारी लाल उपवन संरक्षण, फूला राम बाजिया, सहायक अभियंता (वाटरशेड) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एकजुटता के साथ अभियान को गति देने का संकल्प दोहराया।