सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

ग्रामीण सेवा शिविर फॉलोअप में तैयार हुआ रास्ता प्रस्ताव : राजस्व रिकॉर्ड में अंकन से खातेदारों को मिली बड़ी राहत

सीकर | 21-Dec-2025 09:26 PM | 385 |
सीकर
राजस्व रिकॉर्ड में अंकन से खातेदारों को मिली बड़ी राहत

सीकर. भू-अभिलेख निरीक्षक वृत मुख्यालय रहनावा पर ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य पूर्व में प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान करना रहा। शिविर के दौरान ग्राम भागू मीण का बास निवासी खातेदार हरदयाल सिंह पुत्र उदाराम, जाति जाट ने शिविर प्रभारी के समक्ष अपनी समस्या प्रस्तुत की।

खातेदार हरदयाल सिंह ने बताया कि ग्राम भागू मीणा का बास स्थित खाता संख्या 125, खसरा संख्या 369/41, रकबा 0.04 हेक्टेयर, किस्म बारानी भूमि पर वर्षों से एक रास्ता बना हुआ है, लेकिन उसका अंकन राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नहीं होने के कारण अनेक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। रास्ता दर्ज नहीं होने से आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है तथा ग्रेवल सड़क, सड़कीकरण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।

प्रार्थना पर शिविर प्रभारी द्वारा मौके पर बने हुए रास्ते की जांच की गई। जांच के उपरांत शिविर प्रभारी ने भू-अभिलेख निरीक्षक रहनावा एवं पटवार हल्का रहनावा को रास्ता प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में भू-अभिलेख निरीक्षक वृत रहनावा एवं हल्का पटवारी रहनावा द्वारा मौके की जांच कर आवश्यक तथ्यों का सत्यापन किया गया।

फॉलोअप शिविर के दौरान ही हल्का पटवारी द्वारा मौके पर बने रास्ते का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया, जिससे प्रकरण का त्वरित समाधान संभव हो सका। रास्ता प्रस्ताव तैयार होने से संबंधित खातेदारों को बड़ी राहत मिली है और अब राजस्व रिकॉर्ड में रास्ते का अंकन होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

रास्ता प्रस्ताव बनने पर खातेदारों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन नहीं होता तो इस समस्या के समाधान के लिए लंबी न्यायिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता। शिविर में उपस्थित अन्य खातेदारों एवं प्रार्थियों ने भी प्रशासन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के त्वरित एवं संवेदनशील कार्य के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रार्थीगण को समयबद्ध एवं प्रभावी राहत मिली।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.