PHM NEWS

सीकर में ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ का आयोजन

प्रकाशित: 22 Dec 2025

सीकर. राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सीकर जिले में “रन फॉर विकसित राजस्थान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के विकास कार्यों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं और नागरिकों को स्वास्थ्य व फिटनेस के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर से हुई। दौड़ कल्याण सर्किल होते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बजरंग कांटा पर संपन्न हुई। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

दौड़ में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला और पूरे मार्ग पर “विकसित राजस्थान” के नारों के साथ सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने कहा कि “रन फॉर विकसित राजस्थान” केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और समृद्ध प्रदेश के निर्माण का संदेश है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कलेक्टर ने मेराथन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जगदीश प्रसाद गौड़, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, जिला खेल अधिकारी प्रकाश राम गोदारा, जिला साक्षरता अधिकारी चन्द्रप्रकाश महर्षि, अधीशाषी अभियंता रामकुमार चाहिल, शारीरिक शिक्षक राजवीर सिंह शेखावत, सीईओ स्काउट बसंत लाटा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे। “रन फॉर विकसित राजस्थान” कार्यक्रम ने विकास, स्वास्थ्य और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया।