मकान सूचीकरण कार्य का एसडीएम ने किया निरीक्षण
सीकर. जनगणना-2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं आवास गणना कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए उपखंड अधिकारी सीकर निखिल कुमार ने क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्मिकों के कार्य का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपखंड अधिकारी निखिल कुमार ने सुपरवाइजर संख्या-57 मुकेश निठारवाल तथा प्रगणक जितेंद्र सिंह (एचएलबी-341) द्वारा किए जा रहे मकान सूचीकरण कार्य का स्वयं घर-घर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड स्तर पर किए जा रहे सर्वेक्षण और ऑनलाइन डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया को बारीकी से परखा तथा कार्य की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मकान सूचीकरण के ऑनलाइन कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्मिकों से संवाद किया और उन्हें फील्ड में आने वाली समस्याओं एवं चुनौतियों के बारे में जानकारी देने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी लक्ष्यों को पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रत्येक जानकारी का सही और सटीक संकलन आवश्यक है।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सजन कुमावत, सुपरवाइजर मुकेश निठारवाल एवं प्रगणक जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।