PHM NEWS

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने की बजट घोषणाओं व फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा

प्रकाशित: 20 Apr 2026

सीकर. अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने पीएचईडी अधिकारियों को निर्देशित किया कि खंडेला, दांतारामगढ़ एवं श्रीमाधोपुर क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न नहीं हो। इसके लिए संबंधित एईएन और एसडीएम से समन्वय रखते हुए आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही संपर्क पोर्टल पर 90 दिन से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में ई-फाइलों के त्वरित निस्तारण तथा टीबी मुक्त अभियान में प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के 297 गांवों में टीबी मुक्त शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एडीएम ने लाडो प्रोत्साहन योजना की लंबित प्रथम एवं द्वितीय किश्तों के भुगतान शीघ्र करवाने के निर्देश दिए।

 

इसके अलावा फ्लैगशिप योजनाओं के निर्माण कार्यों, कुसुम योजना के घटकों में प्रगति बढ़ाने तथा नव निर्मित ट्यूबवेलों में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगर पालिकाओं को प्लास्टिक मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने, नालों की सफाई करवाने तथा मानसून पूर्व तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।