सीकर में फायर सेफ्टी सप्ताह की शुरुआत
सीकर. चिकित्सा विभाग की ओर से सोमवार से शुरू हुए फायर सेफ्टी सप्ताह के पहले दिन जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान चिकित्सकों और कार्मिकों ने संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों की पालना करने की शपथ ली।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि सप्ताह के तहत अस्पतालों में लगे अग्निशमन उपकरणों की गहन जांच की गई, ताकि आपात स्थिति में उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल संस्थानों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन में भी अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे मरीजों और उनके परिजनों को भी आग से बचाव, आपातकालीन संसाधनों के उपयोग और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दें।
फायर सेफ्टी सप्ताह के पहले दिन जिले के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों जैसे श्री कल्याण अस्पताल, सालासर बस स्टैंड स्थित जनाना अस्पताल, जिला अस्पताल नीमकाथाना, लक्ष्मणगढ़ सहित सभी उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अग्नि सुरक्षा शपथ दिलाई गई।
चिकित्सा विभाग का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता से आगजनी की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को रोका जा सकता है।