PHM NEWS

पंचायती राज चुनाव 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

प्रकाशित: 26 Feb 2026

सीकर. पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत जिले की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम सूची उपलब्ध कराई गई।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी शर्मा ने बताया कि राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर द्वारा 31 दिसम्बर 2025 को जारी कार्यक्रम एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार 29 जनवरी 2026 को सीकर जिले की 16 पंचायत समितियों की 449 ग्राम पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन किया गया था। प्रारूप प्रकाशन के समय जिले में कुल 16,63,379 मतदाता दर्ज थे।

 

इसके पश्चात 31 जनवरी को वार्डों एवं मतदान केंद्रों पर नामावलियों का पठन कराया गया तथा 1 व 2 फरवरी को विशेष अभियान चलाया गया। दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी निर्धारित थी, जिनका निस्तारण 14 फरवरी 2026 तक किया गया। इस प्रक्रिया के दौरान 79,029 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए, जबकि 53,267 नाम विलोपित किए गए।

 

अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल मतदाता संख्या बढ़कर 16,89,141 हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नियम 20 के तहत अधिसूचना जारी होने से पूर्व तक नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया जारी रह सकती है। चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद मतदान समाप्ति तक किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्हें अंतिम मतदाता सूची की एक हार्ड एवं एक सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई।