PHM NEWS

सड़क चौड़ाईकरण को लेकर वार्डवासियों का विरोध

प्रकाशित: 14 Mar 2026

सीकर. शहर के वार्ड नंबर 50 (पुराना) क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क चौड़ाईकरण को लेकर वार्डवासियों ने आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया है। पुलिस लाइन रोड फाटक नंबर 2 से पुरोहितजी की ढाणी होते हुए शिव मंदिर तक 40 फीट सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है, जिस पर स्थानीय लोगों ने अपनी आपत्तियां सामने रखी हैं।

 

नगर परिषद सीकर द्वारा 8 मार्च 2026 को इस मार्ग पर सड़क चौड़ाईकरण के लिए निशानदेही की गई थी। निशान लगाए जाने के बाद पुरोहितजी की ढाणी क्षेत्र के कई वार्डवासियों ने इस पर असहमति जताई और नगर परिषद को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। वार्डवासियों का कहना है कि प्रस्तावित चौड़ाईकरण से उनके मकानों और निजी संपत्तियों पर असर पड़ सकता है, जिससे उन्हें नुकसान होने की आशंका है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 मार्च 2026, शुक्रवार को नगर परिषद सीकर के मीटिंग हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने वार्डवासियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और आपत्तियों को विस्तार से सुना।

 

आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बैठक में स्पष्ट किया कि सड़क चिन्हितकरण का कार्य जोनल प्लान और निर्धारित नियमों के अनुरूप किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए सड़क चौड़ाईकरण जरूरी है, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।

 

उन्होंने आश्वस्त किया कि इस प्रक्रिया में सभी पक्षों के हितों का ध्यान रखा जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने वार्डवासियों से शहर के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।