पेट्रोल पम्प व गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण
फतेहपुर/सीकर. उपखण्ड अधिकारी दमयंती कंवर ने कस्बे में संचालित पेट्रोल पम्पों एवं गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता, उपभोक्ताओं को मिल रही सुविधाओं तथा रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया।
उपखण्ड अधिकारी ने चूरू रोड स्थित दो पेट्रोल पम्पों का निरीक्षण किया। इनमें बीकानेर हाईवे सड़क मार्ग पर संचालित लक्ष्मीनाथ पेट्रोल पम्प तथा निमावत स्कूल के सामने स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पम्प शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल पम्पों पर ईंधन की उपलब्धता, मशीनों की स्थिति तथा ग्राहकों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई।
दमयंती कंवर ने बताया कि दोनों पेट्रोल पम्पों पर वाहन चालकों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने पम्प संचालकों को निर्देश दिए कि आमजन को ईंधन आपूर्ति में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही सेवा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद उपखण्ड अधिकारी ने भरतिया हॉस्पिटल के सामने स्थित एचपी गैस एजेंसी का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गैस सिलेंडरों की आवक-जावक रजिस्टर, स्टॉक व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की स्थिति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपखण्ड अधिकारी ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवश्यक सेवाओं की नियमित और सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।