नगर परिषद व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शिवसिंहपुरा में सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण
सीकर. नगर परिषद सीकर द्वारा शहर में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को ग्राम शिवसिंहपुरा के बलाइयों का मोहल्ला क्षेत्र में नगर परिषद, नगर विकास न्यास (यूआईटी) एवं उद्योग नगर थाना पुलिस के संयुक्त जाब्ते ने कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
यह कार्रवाई नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में तथा राजस्व अधिकारी प्रमोद सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुई। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाकर भूमि को पुनः सरकारी नियंत्रण में लिया गया।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना आवश्यक है ताकि उसका उपयोग आमजन की सुविधाओं और शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए किया जा सके। इस कार्रवाई के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान नगर परिषद सीकर के राजस्व अधिकारी प्रमोद कुमार, पटवारी सुभाष, कनिष्ठ अभियंता नीतू कुमावत, यूआईटी के गिरदावर महिपाल एवं आलोक, उद्योग नगर थाना के एएसआई सुभाष, प्रवर्तन दस्ता प्रभारी सूबेदार राकेश कुमार, कनिष्ठ सहायक रवि प्रकाश शर्मा तथा जोन निरीक्षक श्री प्रकाश ढीकिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और शहर के नियोजित एवं सुव्यवस्थित विकास में सहयोग दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।