PHM NEWS

सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक में सहकारिता मंत्री गौतम दक का भव्य स्वागत

प्रकाशित: 31 Mar 2026

सीकर. सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के संचालक मंडल की ओर से सहकारिता मंत्री गौतम दक का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का साफा पहनाकर तथा माल्यार्पण कर आत्मीय अभिनंदन किया।

 

समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री गौतम दक ने बैंक प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिता की भावना से कार्य करने वाली संस्थाएं समाज के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि सहकारी आंदोलन को मजबूत बनाने में अरबन को-ऑपरेटिव बैंकों की भूमिका अत्यंत अहम है। यदि पारदर्शिता और जनसेवा के भाव से कार्य किया जाए तो ऐसी संस्थाएं शहरी क्षेत्रों में प्रगतिशील और अग्रणी भूमिका निभा सकती हैं।

 

मंत्री दक ने बैंक के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सीकर अरबन को-ऑपरेटिव बैंक ने क्षेत्र में वित्तीय सेवाओं के माध्यम से लोगों का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक प्रबंधन भविष्य में भी इसी तरह बेहतर सेवाएं देकर सहकारी क्षेत्र को नई दिशा देगा।

 

इस अवसर पर बैंक अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जोशी ने सहकारिता मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री और जिले के सभी जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही बैंक भविष्य में भी आमजन की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

 

कार्यक्रम में राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा, खण्डेला विधायक सुभाष मील, कमल सिखवाल, पवन मोदी, गजानंद कुमावत, गोविंद राम सैनी सहित बैंक संचालक मंडल के सदस्य, सहकारी विभाग के अधिकारी और शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और सभी ने सहकारी आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।