PHM NEWS

खंडेला ब्लॉक में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

प्रकाशित: 15 Jan 2026

सीकर. चिकित्सा विभाग की ओर से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के लिए चयनित चिकित्सा संस्थानों पर लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य जन्मजात विकृतियों, पोषण संबंधी समस्याओं एवं विभिन्न बीमारियों से ग्रसित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की कार्यरत टीमों के माध्यम से स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं मदरसों में बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग की जाती है। स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित बच्चों के उपचार के लिए सामुदायिक व उप जिला स्तर की चिकित्सा संस्थाओं पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच कर उपचार प्रदान किया जा रहा है।
 

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने जानकारी दी कि खंडेला ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाजोद में आयोजित शिविर में कुल 108 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। जांच के दौरान गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित चार बच्चों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान पर रैफर किया गया।


शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रवण कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश बाजिया, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. चरण सिंह, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सपना तथा दंत रोग चिकित्सक डॉ. उम्मेद सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को आवश्यक परामर्श, दवाइयां एवं आगे की जांच के निर्देश दिए गए।


डॉ. विशाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय नेछवा तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मावण्डा खुर्द में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके।