PHM NEWS

शहीद हवलदार हरदेवराम बलारा की मूर्ति का हुआ अनावरण

प्रकाशित: 15 Dec 2025

फतेहपुर/सीकर. कस्बे के निकटवर्ती ग्राम हिरना में रविवार दोपहर 3 बजे गांव के वीर सपूत शहीद हवलदार हरदेवराम बलारा की मूर्ति का अनावरण समारोहपूर्वक किया गया। ग्राम के मुख्य चौक पर शहीद स्मारक का निर्माण कर यह मूर्ति स्थापित की गई। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश बलारा ने जानकारी देते हुए बताया कि शहीद हरदेवराम बलारा ने 6 राजपूताना राइफल में सेवाएं देते हुए द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान वर्ष 1939 से 1941 के बीच देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे।

मूर्ति अनावरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सैनिक ही देश की सीमाओं की रक्षा कर हमें सुरक्षित जीवन प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर, ब्रिगेडियर दीपक खुराना, पूर्व विधायक नंदकिशोर महरिया, पतंजलि योग पीठ के प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. सत्यनारायण झाझरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शहीद परिवारजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।