जयपुर रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई
सीकर. नगर विकास न्यास (यूआईटी) सीकर द्वारा शुक्रवार को जयपुर रोड पर अतिक्रमण हटाने की व्यापक कार्रवाई की गई। यह अभियान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तथा न्यास द्वारा निर्माणाधीन जयपुर रोड के मार्गाधिकार में आ रहे अवैध अतिक्रमणों को हटाने के उद्देश्य से चलाया गया। यूआईटी सचिव जगदीश प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई रीको तिराहे से प्रारंभ की गई, जिसमें सड़क किनारे बने प्रतिष्ठानों, दुकानों, छज्जों, रैम्प सहित अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
अभियान के दौरान न्यास द्वारा जेसीबी, ब्रेकर, कटर, क्रेन सहित सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया गया। तोड़फोड़ के साथ-साथ मलबा हटाने का कार्य भी तुरंत शुरू कर दिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो। यूआईटी सचिव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई 20 दिसंबर 2025, शनिवार को भी निरंतर जारी रहेगी।
यह संयुक्त अभियान सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर विकास न्यास एवं नगर परिषद सीकर द्वारा मिलकर चलाया गया। मौके पर विद्युत विभाग की टीम भी विद्युत लाइनों से संबंधित सुरक्षा एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए मौजूद रही। अभियान के दौरान न्यास की राजस्व शाखा, अभियांत्रिकी शाखा, सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा भारी पुलिस जाब्ता मौके पर तैनात रहा, जिससे कार्य शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
न्यास द्वारा अतिक्रमण हटाने से पूर्व आमजन से कई बार स्वयं के स्तर पर अतिक्रमण हटाने की अपील की गई थी, लेकिन कुछ प्रतिष्ठानों द्वारा निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर मजबूरन यह अभियान शुरू किया गया।
यूआईटी ने आमजन से अपील की है कि मास्टर प्लान एवं सेक्टर प्लान के अंतर्गत आने वाली सड़कों तथा प्रस्तावित सुविधा क्षेत्रों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि शहर का नियोजित विकास एवं सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।