सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

बजाज सर्कल से रेलवे स्टेशन तक चला सख्त अतिक्रमण विरोधी महाअभियान : नगर परिषद और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम की व्यापक कार्रवाई

सीकर | 13-Dec-2025 09:43 AM | 385 |
सीकर
नगर परिषद और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम की व्यापक कार्रवाई

सीकर. शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर परिषद सीकर और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक स्तर पर अस्थाई अतिक्रमण विरोधी महाअभियान चलाया गया। यह अभियान नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार अतिक्रमण प्रभारी एवं राजस्व अधिकारी प्रमोद सोनी, शहर कोतवाल सुनील जांगिड़ तथा यातायात प्रभारी कृष्ण कुमार धनखड़ के नेतृत्व में संचालित हुआ।

अभियान की शुरुआत बजाज सर्कल (बजरंग कांटा) से हुई, जो कल्याण हॉस्पिटल, साहोटिया पेट्रोल पंप, कल्याण सर्किल से होते हुए रेलवे स्टेशन तक चला। इस दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमणों पर कड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने जगह-जगह से बेंच, कुर्सियां, काउंटर, रेहड़ियां और ठेले जब्त किए। वहीं, सड़क पर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालान भी काटे गए।

विशेष रूप से कल्याण हॉस्पिटल, कल्याण सर्किल और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में वर्षों से बने बड़े अतिक्रमणों को हटाया गया। रेलवे स्टेशन के बाहर पीपल के पेड़ के पास बने अनधिकृत होटल-ढाबों को भी ध्वस्त कर उनका सामान जब्त किया गया।

आयुक्त शशिकांत शर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद प्रवर्तन दस्ता, यातायात पुलिस और कोतवाली पुलिस की टीमें पूर्ण रूप से मौजूद रहीं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.