सावरकर बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन के पोस्टर का हुआ विमोचन
सीकर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर मोनी अमावस्या के शुभ पर्व के तहत संघ द्वारा वर्षभर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत सावरकर बस्ती में विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में वीर सावरकर बस्ती स्थित उच्च प्राथमिक आदर्श विद्या मंदिर, माथुर बस्ती में आयोजन मंडल के गठन एवं तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रस्तावित सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया गया।
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष को सर्वव्यापी एवं सर्वस्पर्शी बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक राष्ट्रहित और हिंदू जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया। संघ द्वारा पंच परिवर्तन—सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन एवं स्व का बोध—को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन जनवरी-फरवरी माह में शहरी क्षेत्रों में बस्ती स्तर पर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से आयोजन समिति का गठन किया गया। अध्यक्ष पद पर श्री शंकर सिंह जी उगरावत को चुना गया, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. रविन्द्र जी धाबाई, कोषाध्यक्ष निर्मल जी शर्मा, सह-कोषाध्यक्ष हनुमान सिंह जी दीक्षित एवं सचिव उदेश जी घासोलिया को दायित्व सौंपा गया। इसके साथ ही सह सचिव, संयुक्त सचिव, प्रचार एवं मीडिया टोली तथा कार्यकारिणी सदस्यों की भी घोषणा की गई।
संयुक्त सचिव सचिन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विराट हिंदू सम्मेलन आगामी 8 फरवरी 2026, रविवार को दोपहर 1 बजे से रानी सती मंदिर पुलिस चौकी के सामने आयोजित किया जाएगा। सचिव उदेश घासोलिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उपस्थित सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में नगर कार्यवाहक महेश गोयल, सह-कार्यवाहक श्रीकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।