PHM NEWS

कौशल रथ को केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और खर्रा दिखाएंगे हरी झंडी

प्रकाशित: 07 Jan 2026

सीकर. भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के तहत स्किल इंडिया कौशल-भारत, कुशल-भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान, सीकर के तत्वावधान में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर दोपहर 12 बजे केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी एवं राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा कौशल रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
 

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी नारायण सिंह करेंगे। वहीं, पूर्व सांसद सीकर सुमेधानंद सरस्वती तथा ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान के पूर्व अध्यक्ष एवं शिक्षाविद चैन सिंह आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचस्थ रहेंगे। इस अवसर पर ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान से जुड़ी विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं और महिलाओं का सम्मान भी किया जाएगा।
ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष इंजीनियर झाबरमल सीगड़ ने बताया कि यह कौशल रथ संस्थान की छात्राओं सहित ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में संचार, उद्यमिता, वित्तीय एवं डिजिटल कौशल को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा। 

कौशल रथ को सीकर जिले के विभिन्न गांवों में भी भेजा जाएगा, जहां यह महिलाओं एवं आमजन को आधुनिक और आवश्यक कौशलों की जानकारी देगा। कौशल रथ के माध्यम से प्रतिभागियों को स्पष्ट और प्रभावी संचार, व्यक्तिगत वित्तीय प्रबंधन, छोटे व्यवसाय शुरू करने और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रक्रिया, तथा डिजिटल उपकरणों और तकनीक के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें व्यक्तिगत एवं पेशेवर जीवन में अधिक सक्षम बनाना है।