अर्बन हाट मेले में नगर परिषद की पहल
सीकर. राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित अर्बन हाट मेले में नगर परिषद सीकर द्वारा पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष स्टॉल लगाई गई है। इस स्टॉल के माध्यम से आमजन को जैविक खाद के उपयोग, बेहतर फसल उत्पादन तथा शुद्ध और सुरक्षित सब्जियों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा मेले में आने वाले लोगों को बताया जा रहा है कि जैविक खाद का उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है। इससे पर्यावरण को भी कम नुकसान होता है और लोगों को स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ प्राप्त होते हैं।
इसके साथ ही स्टॉल पर कपड़े से बने पर्यावरण अनुकूल थैलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इन थैलों के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कपड़े के थैलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नगर परिषद की टीम मेले में आने वाले लोगों को यह संदेश दे रही है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद द्वारा लोगों को शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। मेले में लगाए गए स्टॉल के माध्यम से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध, कचरे के सही प्रबंधन और स्वच्छता बनाए रखने के बारे में जानकारी दी जा रही है।
नगर परिषद के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करें, कपड़े के थैलों को अपनाएं और अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।