PHM NEWS

परिसीमन से असंतुष्ट ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

प्रकाशित: 02 Jan 2026

फतेहपुर/सीकर. राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में किए गए पंचायत परिसीमन पुनर्गठन के बाद फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की रोसावा ग्राम पंचायत में बदलाव को लेकर ग्रामीणों में असंतोष देखा जा रहा है। रोसावा ग्राम पंचायत के दीनारपुरा गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को उपखंड कार्यालय पहुंचकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।

 

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में किए गए परिसीमन के दौरान दीनारपुरा गांव को रोसावा ग्राम पंचायत में शामिल करते हुए मुख्यालय बनाया गया था। इससे ग्रामीणों को प्रशासनिक सुविधाएं, विकास कार्यों में प्राथमिकता और आवागमन में सुविधा मिल रही थी। लेकिन हालिया परिसमन में दीनारपुरा गांव को रोसावा ग्राम पंचायत से अलग कर ठीठावता पिरान पंचायत में शामिल कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि इस बदलाव से उन्हें विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों में असुविधा का सामना करना पड़ेगा। इसी को लेकर उन्होंने दीनारपुरा गांव को पुनः रोसावा ग्राम पंचायत में शामिल करने की मांग की। ज्ञापन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। अधिकारियों ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।