अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर मनाई स्वामी विवेकानंद जयंती
फतेहपुर/सीकर. सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा कस्बे के चूरू रोड स्थित मोदीसन राजकीय महाविद्यालय, फतेहपुर में स्वामी विवेकानंद जयंती उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने भाग लेकर स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों एवं आदर्शों को याद किया।
जयंती समारोह के दौरान युवाओं ने बारी-बारी से स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्प आयु में ही अपने ज्ञान, विचार और आत्मविश्वास से पूरे विश्व को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर, चरित्रवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनने का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है।
युवाओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए गए मार्ग आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके विचार युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, कठिनाइयों का सामना करने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और उनके दिखाए रास्तों पर चलने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर जयपुर प्रांत सह-संयोजक रमेश भिचर सहित पंकज ढाका, विकास गुरावा, हितेश गुर्जर, रोहित सैनी, दीपक सैनी, युवराज, विकास सैनी, देवेंद्र, संजय, ओम योगी, कमल नायक एवं अन्य एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं से राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।