लापरवाही की 'बाढ़': बनेठा माइनर ओवरफ्लो होने से खेतों में भरा पानी, आक्रोशित
उनियारा। उपखंड क्षेत्र के ककोड कस्बे में बुधवार रात्रि को बनेठा माइनर के ओवरफ्लो होने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। नहर का पानी खेतों में घुसने से फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है। विभागीय अधिकारियों की लेट-लतीफी से आक्रोशित किसानों ने गुरुवार सुबह ककोड-नगर फोर्ट मार्ग को अवरोधक लगाकर पूरी तरह जाम कर दिया।
चार बार हो चुका है ओवरफ्लो, विभाग मौन
किसानों का आरोप है कि विभाग की अनदेखी के कारण यह नहर अब तक चार बार ओवरफ्लो हो चुकी है। बुधवार रात को जब पानी खेतों में भरने लगा, तो सुबह होते ही किसानों ने संबंधित विभाग के कार्मिकों को सूचित किया। लेकिन, सुबह 9 बजे तक भी किसी जिम्मेदार कर्मचारी के मौके पर न पहुंचने से किसानों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
JEN को सुनाई खरी-खोटी
जाम लगने के लगभग एक घंटे बाद बीसलपुर नहर परियोजना के कनिष्ठ अभियंता (JEN) मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद किसानों ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा:
"आप लोगों की लापरवाही का खामियाजा हमें भुगतना पड़ रहा है। जब तक नहर की पूरी तरह सफाई नहीं की जाएगी, तब तक हम रास्ता नहीं खोलेंगे।"
समझाइश के बाद खुला जाम
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग आधे घंटे तक चली तीखी बहस और JEN द्वारा नहर की सफाई व उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम हटाया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्थाई समाधान नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा