माली समाज 25 फरवरी को करेगा विधानसभा का घेराव, सी.पी. सैनी ने भरी हुंकार
उनियारा.कस्बे के सवाई माधोपुर रोड स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले छात्रावास में शनिवार को माता सावित्रीबाई फुले की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सी.पी. सैनी ने माली समाज के हकों के लिए बड़ी घोषणा की।
सैनी ने मंच से समाज को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी 25 फरवरी 2026 को माली समाज अपनी लंबित मांगों को लेकर जयपुर में विधानसभा का घेराव करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय भी समाज ने अपनी ताकत दिखाई थी और अब भजनलाल सरकार में भी हम अपने अधिकारों के लिए जयपुर कूच करेंगे। अपने संबोधन में सैनी ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले और महात्मा ज्योतिबा फुले देश के प्रथम शिक्षक थे, जिन्होंने छुआछूत मिटाकर शिक्षा की अलख जगाई, लेकिन दुर्भाग्य है कि उन्हें अब तक 'भारत रत्न' नहीं दिया गया।
भव्य स्वागत और बाइक रैली:
इससे पूर्व सी.पी. सैनी के उनियारा पहुँचने पर स्वामी विवेकानंद सर्किल पर राष्ट्रीय फुले ब्रिगेड के पदाधिकारियों ने आतिशबाजी कर और माला-साफा पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। यहाँ से एक विशाल बाइक रैली निकाली गई जो एसडीएम कोर्ट, पुलिस थाना, बस स्टैंड और सरदार सिंह सर्किल होते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंची।
पौष बड़ा प्रसादी का आयोजन:
माली समाज समरसता मंडल के अध्यक्ष प्रहलाद सैनी ने बताया कि जयंती के उपलक्ष्य में छात्रावास में भगवान श्री सत्यनारायण को पौष बड़ों का भोग लगाया गया और बाद में पंगत प्रसादी हुई। कार्यक्रम में युवा नेता मोनू सैनी, गोपाल सैनी, बर्दीचंद सैनी, रामकिशन, जगदीश, हनुमान, सत्यनारायण सहित बड़ी संख्या में समाज के युवा, बुजुर्ग और महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के पश्चात सी.पी. सैनी श्योपुर के लिए रवाना हो गए।