अनूपपुर।कोतमा क्षेत्र में संचालित जेएमएस कोल प्रबंधन के अंतर्गत कार्य कर रही विरासनी कंपनी एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने ठेकेदार और उसके सहयोगियों पर लगातार श...
अनूपपुर।
कोतमा क्षेत्र में संचालित जेएमएस कोल प्रबंधन के अंतर्गत कार्य कर रही विरासनी कंपनी एक बार फिर विवादों में घिरती नजर आ रही है। कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने ठेकेदार और उसके सहयोगियों पर लगातार शोषण, दबाव और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि उनसे हर माह जबरन राशि वसूली जाती है और विरोध करने पर काम से निकालने की धमकी दी जाती है।
मजदूरों ने विशेष रूप से आकाश पांडे नामक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मजदूरों से हर महीने पैसों की मांग करता है। श्रमिकों का आरोप है कि राशि नहीं देने पर उपस्थिति काटने, मजदूरी रोकने और कार्यस्थल पर परेशान करने जैसी कार्रवाइयां की जाती हैं। इससे मजदूरों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित मजदूरों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में मेहनत करने के बावजूद उन्हें न तो सम्मान मिल रहा है और न ही उनके श्रम का उचित मूल्य। कई मजदूरों ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि लंबे समय से यह सिलसिला चल रहा है, लेकिन भय के कारण कोई खुलकर सामने नहीं आ पा रहा था। अब मजदूरों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का फैसला किया है।
मजदूरों ने प्रशासन और श्रम विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
वहीं पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोगों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।