बांका टोला दैखल में कंपनी के कचरा फेंकने पर ग्रामीणों में रोष : सरपंच ने दी कडी चेतावनी,कहा पर्यावरण को नहीं होने देंगे दूषित
अनूपपुर।
न्यू जोन टोरंटो पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा ग्राम बांका टोला दैखल में निर्धारित स्थल के बजाय खुले स्थान पर सीमेंट की बोरियां, प्लास्टिक, पन्नी एवं अन्य कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों और किसानों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि खुले में कचरा डंप किए जाने से पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है और इसका दुष्प्रभाव मवेशियों एवं स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। किसानों ने कंपनी से तत्काल इस गतिविधि को बंद करने और निर्धारित कचरा निस्तारण स्थल पर ही अपशिष्ट सामग्री फेंकने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत दैखल के सरपंच दिगंबर सिंह ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि, “यदि कंपनी हमारे ग्राम पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार कचरा डालेगी तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी और पूरे मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। किसी भी कीमत पर गांव और पर्यावरण को प्रदूषित नहीं होने दिया जाएगा।”
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जांच कर कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।
इनका कहना
“यदि कंपनी हमारे ग्राम पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार कचरा डालेगी तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी और पूरे मामले से जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा। किसी भी कीमत पर गांव और पर्यावरण को प्रदूषित नहीं होने दिया जाएगा - दिगम्बर सिंह सरपंच ग्राम पंचायत दैखल