औरैया जनपद के अछल्दा नगर पंचायत अंतर्गत हरीगंज बाजार में गंदगी और वर्षों से जर्जर पड़ी नालियों ने आम जनमानस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हनुमान मंदिर तिराहा से ब्लॉक को जाने वाली सड़क पर स्थित मुख्य तिरा...
औरैया जनपद के अछल्दा नगर पंचायत अंतर्गत हरीगंज बाजार में गंदगी और वर्षों से जर्जर पड़ी नालियों ने आम जनमानस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हनुमान मंदिर तिराहा से ब्लॉक को जाने वाली सड़क पर स्थित मुख्य तिराहे की हालत बेहद खराब है। यहां बनी नालियां कई वर्षों से टूटी पड़ी हैं, जिनमें गंदगी और कीचड़ भरा रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन खस्ताहाल नालियों के कारण आए दिन बच्चे, बुजुर्ग और साइकिल सवार फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे चोटिल होने की घटनाएं आम हो गई हैं। बावजूद इसके, नगर पंचायत द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
मुख्य तिराहे पर लगा इंडियामार्का हैंडपंप भी समस्या का केंद्र बना हुआ है। हैंडपंप के आसपास कूड़े-कचरे और निर्माण मलबे के ढेर लगे हैं, जिससे उठने वाली दुर्गंध से वातावरण दूषित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गंदगी के कारण संक्रामक रोग फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है।हरीगंज निवासी सुमित कुमार, संजय बाथम, घनश्याम पोरवाल, लाल जी पोरवाल सहित दर्जनों नागरिकों ने नगर पंचायत और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों का पुनर्निर्माण कराया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था लागू की जाए और हैंडपंप के आसपास फैली गंदगी को हटाया जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और जनता को राहत मिलती है।