बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। द्वारकेश चीनी मिल के पास खराब दृश्यता के चलते दो रोडवेज बसों सहित आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इस ...
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। द्वारकेश चीनी मिल के पास खराब दृश्यता के चलते दो रोडवेज बसों सहित आधा दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए, जबकि एक रोडवेज बस का चालक गंभीर रूप से चोटिल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह इलाके में घना कोहरा था, जिससे कुछ ही मीटर आगे का रास्ता भी स्पष्ट नहीं दिख रहा था। इसी दौरान शाहजहांपुर से बरेली की ओर जा रही एक रोडवेज बस आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। पीछे से आ रही दूसरी रोडवेज बस और अन्य वाहन समय पर ब्रेक नहीं लगा पाए और एक के बाद एक भिड़ते चले गए।
हादसे की सूचना मिलते ही फरीदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रोडवेज चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।पुलिस ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का प्रयोग करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।