ग़ाज़ियाबाद के सेक्टर 9, न्यू विजय नगर चौकी प्रभारी प्रेम कुमार और उनकी टीम ने अपनी मुस्तैदी और कड़ी मेहनत से मात्र 8-9 घंटे में एक व्यापारी के गुम हुए 4.50 लाख रुपये बरामद कर लिए। इस सराहनीय कार्य के लिए व्यापार मंडल ने पुलिस टीम का सम्मान किया। इस अभियान में अखिल भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय बिंदल और पुनीत शर्मा की भी अहम भूमिका रही।
पूरा मामला
शहर के लेबर चौक के पास सुबह के समय एक व्यापारी की स्कूटी से 4.50 लाख रुपये गिर गए थे, जो वहां मौजूद एक मजदूर को मिले। मजदूर पैसे लेकर मुरादाबाद के चंदौसी स्थित अपने गांव पहुंच गया और वह रकम अपनी बहन के घर छिपा दी। जब व्यापारी को अपने पैसे गायब होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही न्यू विजय नगर चौकी प्रभारी प्रेम कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित की। चौकी इंचार्ज ने तत्काल एसआई विक्रांत को निर्देश देकर चंदौसी भेजा, जहां कड़ी मशक्कत के बाद मजदूर को ढूंढ निकाला गया। पूछताछ के बाद उसने पैसे छिपाने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने रुपये बरामद कर व्यापारी को सौंप दिए।
व्यापार मंडल ने किया पुलिस टीम का सम्मान
व्यापारी को जब उनके पैसे वापस मिले, तो उन्होंने राहत की सांस ली और पुलिस का धन्यवाद किया। इस तेज़ और प्रभावी कार्रवाई से खुश होकर व्यापार मंडल ने सेक्टर 9 चौकी की पूरी टीम का सम्मान किया और उनकी सतर्कता और ईमानदारी की सराहना की। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस की ऐसी तत्परता से जनता का विश्वास और बढ़ता है। अपराध पर लगाम लगाई जा सकती है और ईमानदारी की मिसाल कायम की जा सकती है।
Loading more posts...