देशभर में बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर से 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए नि...
देशभर में बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi 28 फरवरी 2026 को राजस्थान के अजमेर से 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में कारगर मानी जाती है।
छतरपुर जिले में इस अभियान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर Parth Jaiswal ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिले में कुल 11 स्वास्थ्य केंद्रों पर यह वैक्सीनेशन किया जाएगा, जिनमें जिला चिकित्सालय, सीएचसी बड़ामलहरा, घुवारा, बक्स्वाहा, ईशानगर, बिजावर, गौरिहार, लवकुशनगर, नौगांव तथा पीएचसी राजनगर और सटई शामिल हैं। इन केंद्रों पर मेडिकल ऑफिसर और एएनएम की तैनाती की गई है।
वैक्सीनेशन के लिए यूविन पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य किया गया है। बालिकाओं को आधार कार्ड सहित 11 प्रकार के दस्तावेजों में से किसी एक के आधार पर वैक्सीन लगाई जाएगी। यह अभियान कैंपेन मोड में संचालित होगा, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह वैक्सीन सिंगल डोज में दी जाएगी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4000 रुपये है। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जो गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) को प्रभावित करती है। यह वैक्सीन इस बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बालिकाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर वैक्सीन अवश्य लगवाएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी जागरूकता फैलाने की अपील की गई है।