गाजियाबाद। मंगलवार सुबह राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत...
गाजियाबाद। मंगलवार सुबह राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान रूबी सहलावत के रूप में हुई है, जो अपने पति विकास सहलावत और एक बच्ची के साथ सोसाइटी में रहती थी। बताया जा रहा है कि विकास शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से झगड़ा करता था। सोमवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। मंगलवार सुबह फिर किसी बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर विकास ने पत्नी पर गोली चला दी। गोली लगते ही रूबी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त उनकी छोटी बच्ची दूसरे कमरे में सो रही थी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर थाना नंदग्राम पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी पहुंचे।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।