गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महानगर कार्यकारिणी बैठक साहिबाबाद स्थित कार्यालय में प्रदेश सचिव प्रदीप अरोरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विस्ता...
गाजियाबाद। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की महानगर कार्यकारिणी बैठक साहिबाबाद स्थित कार्यालय में प्रदेश सचिव प्रदीप अरोरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विस्तार पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महानगर अध्यक्ष अमित मदान और साहिबाबाद विधानसभा अध्यक्ष तुषार बंसल ने कार्यकर्ताओं को संगठन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए बूथ स्तर तक कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता से जुड़ाव बनाए।
इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों को पदभार सौंपा गया और शपथ ग्रहण कराई गई। मोहित शर्मा को महानगर महासचिव, प्रतीक अमर शर्मा को महानगर उपाध्यक्ष, किशोरी राय और आशु कुमार को प्रचार मंत्री तथा शंभू नाथ झा को महानगर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी चुनावों में संगठन की भूमिका को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
प्रदेश सचिव प्रदीप अरोरा ने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन तभी सशक्त होगा जब कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान की दिशा में कार्य करें। बैठक के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का संकल्प दोहराया।