गाजियाबाद न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गाजियाबाद
🚨 Breaking News | गाजियाबाद

थाना विजयनगर पुलिस ने मुठभेड़ में एक शातिर लुटेरे गिरफ्तार : कब्जे से चोरी की बाइक, 9320 रुपये नकद और अवैध असलहा बरामद

गाजियाबाद | 05-Jun-2025 03:02 AM | 11 |
गाजियाबाद
कब्जे से चोरी की बाइक, 9320 रुपये नकद और अवैध असलहा बरामद

गाजियाबाद, 04 जून 2025: थाना विजयनगर पुलिस टीम ने बीती रात एक सक्रिय चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर लुटेरे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, 9320 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान बदमाश को गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

पुलिस के अनुसार, 03 जून की रात चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो वे रुकने की बजाय आर्मी ग्राउंड की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर गए। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सलमान मनिहार पुत्र सलीम निवासी कैलाखेड़ा पम्प नं. 01, थाना कोतवाली नगर, गाजियाबाद (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल सलमान को तत्काल जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ में सलमान ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी दीपक एनसीआर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाली जगहों पर मोटरसाइकिल चोरी कर उससे स्नैचिंग की घटनाएं करते हैं। उन्होंने हाल ही में डीएवी स्कूल के पास एक महिला से चैन छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। सलमान ने कबूला कि बरामद बाइक नोएडा से चोरी की गई थी और जब वह किसी नई घटना को अंजाम देने निकला था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है — उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 18 मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी, स्नैचिंग, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट व गुंडा अधिनियम शामिल हैं।

बरामदगी का विवरण:

  1. एक चोरी की मोटरसाइकिल

  2. एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस

  3. 9320/- रुपये नकद

पुलिस फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी है और आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.