भवाली। रामगढ़ में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ मुक्तेश्वर से गाजियाबाद लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात 11:46 बजे लोगों ने 112 पर कॉल...
भवाली। रामगढ़ में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ मुक्तेश्वर से गाजियाबाद लौट रहे परिवार की कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। रात 11:46 बजे लोगों ने 112 पर कॉल कर दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कार में सवार आठ लोगों में से एक बच्ची समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि छह घायलों को गंभीर अवस्था में हल्द्वानी एसटीएच रेफर किया गया है।
हादसे में मृतकों की पहचान सचिन (32) पुत्र विजेंद्र चौधरी, तथा लक्षी (12) पुत्री विकास, दोनों निवासी शिवपुरी सेक्टर–9, न्यू विजय नगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
घायलों के नाम
निष्ठा (14 वर्ष), शमा (8 वर्ष), लवीया (7 वर्ष), नितिन, कंचन, रुचि (35 वर्ष)
घटना रामगढ़–गागर मार्ग पर हुई, जहाँ कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। सभी घायलों को पहले रामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहाँ से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया।
चौकी प्रभारी गुलाब सिंह कम्बोज ने बताया कि परिवार मुक्तेश्वर घूमने के बाद रात को गाजियाबाद वापस लौट रहा था। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। मृतकों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।