गाजियाबाद न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गाजियाबाद
🚨 Breaking News | गाजियाबाद

Ghaziabad News : अपराध व लंबित विवेचनाओं की समीक्षा : अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने साहिबाबाद व लिंकरोड थानों का किया निरीक्षण

गाजियाबाद | 20-Nov-2025 12:23 AM | 11 |
गाजियाबाद
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने साहिबाबाद व लिंकरोड थानों का किया निरीक्षण

गाज़ियाबाद। साहिबाबाद सर्किल में लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध श्री केशव कुमार चौधरी ने आज महत्वपूर्ण निरीक्षण और समीक्षा बैठक की। उन्होंने थाना लिंकरोड व थाना साहिबाबाद का दौरा कर आदेश कक्ष में विवेचक वार समीक्षा आयोजित की, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद, दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षक तथा सभी विवेचक मौजूद रहे।

बैठक के दौरान महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए। इसके बाद श्री चौधरी ने थाना साहिबाबाद परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, कार्यालय की कार्यप्रणाली, रजिस्टरों एवं अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को अक्षुण्ण रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए थाने स्तर पर पूरी तैयारी रखी जाए।

महिला सुरक्षा पर विशेष निर्देश

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिशन शक्ति रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, CCTNS कक्ष और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की समीक्षा की। महिला संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने तथा इन मामलों में थाना प्रभारी द्वारा लगातार फीडबैक लेने के निर्देश दिए।

लंबित विवेचनाएँ व नए आपराधिक कानून

6 माह से अधिक लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, समन/वारंट की अधिकतम तामीला, तथा नए आपराधिक कानूनों के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण साक्ष्य संकलन कर समय से निस्तारण करने की हिदायत दी।

उन्होंने शातिर, अभ्यस्त व हार्डकोर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, जिलाबदर, और सक्रिय गैंग का पंजीकरण कराने के निर्देश भी दिए।

गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई

हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ-तस्करी, वाहन चोरी एवं मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने और गैंगस्टर में नामजद अपराधियों की संपत्ति धारा 14(1) में जब्त करने के निर्देश भी जारी किए गए।

राजस्व से जुड़े मामलों पर निर्देश

उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। इसके लिए पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम के माध्यम से वरासत, पैमाइश, बंटवारे आदि के मामलों का प्रतिदिन निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सोशल मीडिया पर सतर्कता

अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर संवेदनशील सामग्री पोस्ट या शेयर न करने तथा आपत्तिजनक टिप्पणी से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

अपराधियों के डोजियर की समीक्षा

थाना लिंकरोड व साहिबाबाद के अपराधियों के डोजियर चेक किए गए तथा 10 वर्षों में संपत्ति संबंधी अपराधों (डकैती, लूट, चोरी, नकबजनी, गोवध) के अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्ध बीएनएसएस की निरोधात्मक धाराओं में कार्रवाई करने के निर्देश जारी हुए।

अंत में, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने, क्षेत्र में अनुशासन बनाए रखने और पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.