गाजियाबाद। थाना साहिबाबाद पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध आतिशबाजी पटाखों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहारी सीजन में होने वाली संभावित अवैध ...
गाजियाबाद। थाना साहिबाबाद पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध आतिशबाजी पटाखों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहारी सीजन में होने वाली संभावित अवैध पटाखा तस्करी पर लगाम लगाने का संदेश गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2025 को साहिबाबाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कार में अवैध पटाखे लेकर कुछ लोग मोहननगर चौराहे से गुजरने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से अवैध आतिशबाजी पटाखों के 60 डिब्बे बरामद हुए। मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नासिर पुत्र तरीकत (उम्र 25 वर्ष) और सुहेल पुत्र कलूआ (उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों आरोपी ग्राम फरुखनगर असालतपुर, थाना टीलामोड, कमिश्नरेट गाजियाबाद के निवासी हैं। इनके पास से बरामद पटाखों के साथ ही घटना में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 9B(1)(b) विस्फोटक अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में नासिर और सुहेल ने बताया कि बरामद आतिशबाजी पटाखों को वे आगामी त्यौहार के मौके पर ऊंचे दामों में बेचकर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस की चेकिंग के दौरान दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना साहिबाबाद पर एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या वे पहले भी ऐसे अवैध कारोबार में शामिल रहे हैं।
थाना साहिबाबाद पुलिस टीम की इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने सराहना की है और इसे त्योहारी सीजन में सुरक्षा व कानून व्यवस्था को बनाए रखने की बड़ी सफलता बताया है।