निवाड़ी। 15 अगस्त 2025 को आयोजित होने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में...
निवाड़ी। 15 अगस्त 2025 को आयोजित होने वाले 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना, अपर कलेक्टर एचबी शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 अगस्त से 15 अगस्त तक जिला अंतर्गत सभी सार्वजनिक और शासकीय भवनों पर रात में तिरंगे के रंग में प्रकाश की व्यवस्था होगी। सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और शैक्षणिक संस्थाओं में प्रातः 7:30 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि संयुक्त जिला कार्यालय भवन में कलेक्टर श्री जांगिड़ 8:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्य समारोह स्थल पर मंच सज्जा, फूल सज्जा, झंडा वंदन और सुरक्षा व्यवस्था पुलिस विभाग की देखरेख में होगी। परेड में जिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और स्कूल छात्र-छात्राएं शामिल होंगी, जिसकी रिहर्सल 13 अगस्त तक पूरी की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता पर आधारित होंगे।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों को शॉल, श्रीफल और पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया जाएगा। बिजली, चिकित्सा, फायर बिग्रेड, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।