भवानीमंडी बना ‘हार्ट सेफ’: गणतंत्र दिवस पर हजारों लोगों ने एक साथ सीपीआर सीखकर रचा इतिहास77वें गणतंत्र दिवस पर उपखंड प्रशासन की पहल, मेला मैदान में हुआ विशाल जन-जागरूकता कार्यक्रमभवानीमंडी |77वें गणतं...
भवानीमंडी बना ‘हार्ट सेफ’: गणतंत्र दिवस पर हजारों लोगों ने एक साथ सीपीआर सीखकर रचा इतिहास
77वें गणतंत्र दिवस पर उपखंड प्रशासन की पहल, मेला मैदान में हुआ विशाल जन-जागरूकता कार्यक्रम
भवानीमंडी |
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भवानीमंडी उपखंड प्रशासन की ओर से शहर को ‘हार्ट सेफ’ बनाने की दिशा में एक अनूठी और सराहनीय पहल की गई। उपखंड अधिकारी एवं उपजिला कलेक्टर श्रद्धा गोमे (आईएएस) के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में एक साथ हजारों नागरिकों ने सीपीआर, बीएलएस और फर्स्ट-एड का प्रशिक्षण लेकर इतिहास रच दिया।
माननीय सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के मार्गदर्शन में मेला मैदान में आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में आमजन, विद्यार्थी, सरकारी कर्मचारी, पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला सीपीआर टीम द्वारा कार्डियक अरेस्ट या अचानक अचेत होने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें की जानकारी सरल भाषा में रोल-प्ले के माध्यम से दी गई, जिसे लोगों ने सहजता से समझा।
कार्यक्रम स्थल पर सीपीआर जागरूकता से जुड़े बैनर लगाए गए तथा “सेल्फी विद लाइफसेवर” अभियान के माध्यम से नागरिकों को सीपीआर सीखकर जीवन-रक्षा का संकल्प दिलाया गया। प्रशिक्षण का संचालन जिला सीपीआर नोडल अधिकारी डॉ. शुभम पाटीदार एवं उनकी टीम, सीएचओ त्रिलोक नागर द्वारा किया गया। सीपीआर रोल-प्ले में हरिओम पाटीदार, नितिन लोहिया, मोहित चौधरी, कमल प्रजापति और अजय चौरसिया ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में नागरिकों को गुड समैरिटन कानून की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में किसी की जान बचाने वाले व्यक्ति को कानून का पूरा संरक्षण प्राप्त है। उपस्थित विद्यालय शिक्षकों और कार्यालय कर्मियों ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अपने-अपने संस्थानों में भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा भी जताई।
यह आयोजन भवानीमंडी को एक सजग, सुरक्षित और जीवन-रक्षक समुदाय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ।