झालावाड़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / झालावाड़
🚨 Breaking News | झालावाड़

CM भजनलाल शर्मा का झालावाड़ दौरा : 22 दिसंबर को दुधालिया में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन

झालावाड़ | 22-Dec-2025 07:57 AM | 384 |
झालावाड़
22 दिसंबर को दुधालिया में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन

CM भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर को झालावाड़ के दुधालिया आएंगे
महिला सशक्तिकरण सम्मेलन व जनसभा को करेंगे संबोधित, मनरेगा उद्यान व गौशाला का लोकार्पण
झालावाड़ | राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 22 दिसंबर को झालावाड़ जिले के डग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुधालिया पहुंचेंगे। यहां वे प्रदेश स्तरीय महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी और झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह भी शामिल होंगे।
मनरेगा उद्यान, गौशाला सहित कई कार्यों का लोकार्पण
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान मनरेगा उद्यान और गौशाला का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन, शिलान्यास और योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री गोबरधन बायो गैस प्लांट और सीता वाटिका का निरीक्षण भी करेंगे।
महिला आजीविका की लगेगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम स्थल पर महिला सशक्तिकरण पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। राजीविका, कृषि, उद्योग, पशुपालन और उद्यानिकी विभाग की ओर से महिलाओं द्वारा किए जा रहे स्वरोजगार और आजीविका कार्यों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, यातायात और पार्किंग, हेलीपैड, बैरिकेडिंग और पहुंच मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, जिला परिषद सीईओ शंभु दयाल मीणा, एसडीओ भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, एसडीओ डग छत्रपाल चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सभा स्थल तक ऐसे पहुंचे आमजन
डग-चौमहला मार्ग से जगदीशपुरा रोड होते हुए रतनपुरा स्कूल मैदान के दाईं ओर से ग्रेवल रोड द्वारा सभा स्थल पहुंचा जा सकेगा।
डग पशु अनुसंधान केंद्र के पास आगर-बड़ौद मार्ग से दुधालिया बाईपास होते हुए भी सभा स्थल तक पहुंच की व्यवस्था रहेगी।
बस, कार और छोटे-बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.