झालावाड़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / झालावाड़
🚨 Breaking News | झालावाड़

झालावाड़ में पीडब्ल्यूडी की लापरवाही : डग में लीक पाइपलाइन पर सड़क निर्माण

झालावाड़ | 26-Dec-2025 11:49 PM | 384 |
झालावाड़
डग में लीक पाइपलाइन पर सड़क निर्माण

पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से पाइपलाइन लीकेज पर हो रहा सड़क निर्माण, गुणवत्ता पर उठे सवाल

झालावाड़ जिले के डग नगर में बुधवारिया गेट से पुराने बस स्टैंड तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर नगरवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की लापरवाही के चलते लीक हो रही पानी की पाइपलाइनों पर ही डीएलसी बिछाकर सड़क निर्माण किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर करीब 8 से 10 दुकानों व आवासीय मकानों के घरेलू एवं व्यावसायिक नल कनेक्शन लगे हुए हैं। इन कनेक्शनों की पाइपलाइनों से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा बिना मरम्मत कराए सड़क निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लीक पाइपलाइन पर बनी सड़क लंबे समय तक टिकाऊ नहीं होगी।
नल उपभोक्ता राहुल, उषाक पटेल, हनीफ खान और भावसार ने बताया कि इस समस्या की सूचना उन्होंने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता को कई बार दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वे दो-दो बार अपनी जेब से पैसे खर्च कर पाइपलाइन दुरुस्त करवा चुके हैं, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान रोलर के कंपन से पाइपलाइन दोबारा लीक हो जाती है।
उपभोक्ताओं ने बताया कि 181 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि भविष्य में पाइपलाइन सुधार के लिए सड़क को खोदा गया तो पैचवर्क करना पड़ेगा, जिससे नई सड़क जल्द ही खराब हो जाएगी और सरकारी धन की बर्बादी होगी।
इधर, पुलिस थाना के पीछे आबादी क्षेत्र में भी कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की स्थिति बनी हुई है, जिससे हजारों लीटर पानी प्रतिदिन व्यर्थ बह रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
नगरवासियों की मांग है कि सड़क निर्माण से पहले जलदाय विभाग द्वारा लोहे की मजबूत पाइपलाइन डालकर सभी नल कनेक्शनों को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में सड़क को खोदने की नौबत न आए। लोगों ने प्रशासन से मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान करने की मांग की है।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.