झालावाड़ में पुलिस शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह, शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलिझालावाड़। सोमवार को ‘पुलिस शहीद दिवस’ के अवसर पर जी. मेहमी स्टेडियम में पुलिस विभाग द्वारा शहीद पुलि...
झालावाड़ में पुलिस शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह, शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि
झालावाड़। सोमवार को ‘पुलिस शहीद दिवस’ के अवसर पर जी. मेहमी स्टेडियम में पुलिस विभाग द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में एसपी अमित कुमार बुडानिया ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान सभी अधिकारियों, जवानों और नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की स्मृति को नमन किया।
कार्यक्रम में 40 पुलिसकर्मियों की बटालियन ने तीन-तीन राउंड फायर कर शहीदों को सलामी दी। माहौल देशभक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा।
एसपी अमित कुमार बुडानिया ने कहा कि “यह दिन हमें उन वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।”
श्रद्धांजलि समारोह के पश्चात लाइन पुलिस परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। एसपी बुडानिया ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। उनके साथ पुलिस अधिकारियों व जवानों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। एसपी ने कहा कि रक्तदान एक श्रेष्ठ मानवीय सेवा है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को समाजहित में योगदान देना चाहिए।
शहीदों की स्मृति में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बरगद, नीम और शीशम जैसे छायादार पौधे लगाए गए। एसपी ने कहा कि ये पौधे शहीदों की स्मृति के प्रतीक बनकर आने वाली पीढ़ियों को उनके बलिदान की याद दिलाते रहेंगे।
इस अवसर पर एसपी अमित कुमार बुडानिया ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से भी मुलाकात कर संवाद किया और कहा कि विभाग अपने वरिष्ठ साथियों के अनुभव और सेवा को हमेशा सम्मान देता है।
एसपी ने कहा—
“यह दिन हमें याद दिलाता है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की रक्षक नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति है। शहीदों का बलिदान हमारे लिए प्रेरणास्त्रोत है।”
कार्यक्रम में एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा, डिप्टी हर्षराज सिंह खरेड़ा, साइबर डिप्टी मनोज कुमार सोनी, सीआई मुकेश मीना, सीआई हरलाल मीना सहित अनेक अधिकारी, जवान और नागरिक उपस्थित रहे।