कौशांबी। जिलाधिकारी कौशांबी ने आज सहकारी समिति (बी-पैक्स) शमसाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आ...
कौशांबी। जिलाधिकारी कौशांबी ने आज सहकारी समिति (बी-पैक्स) शमसाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने सहकारी समिति के प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को नियमानुसार और व्यवस्थित तरीके से उर्वरक वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, मनमानी या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद प्राप्त हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ए.आर. कोऑपरेटिव को आदेशित किया कि वे प्रतिदिन जिले की सभी सहकारी समितियों का निरीक्षण करें और खाद वितरण प्रक्रिया की निगरानी करें। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि किसानों को सही समय पर आवश्यक खाद उपलब्ध हो सके।
इस दौरान डीएम ने उपस्थित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। किसानों ने बताया कि समय पर खाद मिलने से फसलों की बुवाई में सुविधा होती है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि शासन की मंशा है कि हर पात्र किसान को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक मिले।
निरीक्षण के अंत में डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य किसानों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और कृषि कार्यों को सुचारू रूप से संचालित कराना है।