कौशांबी: मंदिर के अंदर बुजुर्ग का फांसी के फंदे पर लटका शव, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों में मचा हड़कंपकौशांबी जिले के भरवारी क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। नगर पालिका परिषद क...
कौशांबी: मंदिर के अंदर बुजुर्ग का फांसी के फंदे पर लटका शव, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों में मचा हड़कंप
कौशांबी जिले के भरवारी क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के नवादा गांव में स्थित मंदिर के अंदर 85 वर्षीय बुजुर्ग का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने बुजुर्ग का शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलने पर कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अर्जुन वास्तुविद (85) पुत्र स्व. रामस्वरूप निवासी नवादा गांव के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक कई वर्षों से ब्रह्मचारी जीवन जी रहे थे और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह कुछ महीनों से इलाज करा रहे थे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बुजुर्ग ने आत्महत्या की है या किसी साजिश के तहत यह वारदात की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।