कौशाम्बी न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / कौशाम्बी
🚨 Breaking News | कौशाम्बी

कौशाम्बी न्यूज : कौशांबी में शॉर्ट सर्किट से धू-धू कर जला SBI का ATM, मचा हड़कंप

कौशाम्बी | 13-Nov-2025 12:15 PM | 305 |
कौशाम्बी
कौशांबी में शॉर्ट सर्किट से धू-धू कर जला SBI का ATM, मचा हड़कंप

कौशाम्बी। यूपी के कौशाम्बी जिले में सिराथू तहसील क्षेत्र के मोइनुद्दीनपुर बेला गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम बूथ में बुधवार की शाम को भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा एटीएम बूथ धू-धू कर जल उठा, जिससे बैंक परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

 शॉर्ट सर्किट से लगी आग

जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम को मोइनुद्दीनपुर बेला में स्थित एसबीआई बैंक शाखा के बगल के एटीएम बूथ पर हुई। अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण एटीएम मशीन में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि कुछ ही मिनटों में एटीएम कक्ष पूरी तरह आग की चपेट में आ गया और धुएं का गुबार उठने लगा।

कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

घटना की जानकारी होते ही बैंक के शाखा प्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने बिना देर किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका।

भारी नुकसान का अंदेशा

शाखा प्रबंधक योगेश त्रिपाठी ने बताया कि आगजनी की इस घटना में गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, एटीएम कक्ष के अंदर की मशीनें, उपकरण और पूरा कक्ष जलकर खाक हो गया है। उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन आग बुझने के बाद की जाने वाली विस्तृत जांच के बाद ही किया जा सकेगा।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.