दिल्ली सीमा पर नोएडा पुलिस अलर्ट : चिल्ला और डीएनडी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नोएडा। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर नोएडा के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नोएडा के पर्यवेक्षण में नोएडा जोन पुलिस ने दिल्ली से सटे चिल्ला बॉर्डर और डीएनडी बॉर्डर पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए।
इस दौरान दोनों सीमाओं पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा आने-जाने वाले वाहनों की प्रभावी जांच करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बॉर्डर पर तैनात जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
नोएडा पुलिस का कहना है कि कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली से लगने वाले सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर विशेष चेकिंग अभियान भी चलाए जाएंगे।