रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के कल्लू का पुरवा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए, जबकि एक अन्य व्यक्ति मारपीट में घायल हुआ। पुल...
रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के कल्लू का पुरवा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग हुई। घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हुए, जबकि एक अन्य व्यक्ति मारपीट में घायल हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
जनपद रायबरेली के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के कल्लू का पुरवा गांव में पुराने रास्ते के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। घटना में तीन लोगों को गोली लगी है, जबकि एक अन्य व्यक्ति मारपीट में घायल हुआ है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग शुरू हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबक गए।
फायरिंग और मारपीट की इस घटना में रामचंद्र, प्रमोद और मनोज गोली लगने से घायल हो गए, जबकि शिव प्रकाश मारपीट में घायल बताए जा रहे हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की तथा पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
सीएचसी लालगंज के चिकित्सक डॉ. सत्यजीत ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।