शाहजहांपुर। जिला कचहरी परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने महिला वकील पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला वकील ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सदर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर...
शाहजहांपुर। जिला कचहरी परिसर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने महिला वकील पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घायल महिला वकील ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सदर थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पूरा मामला सीजेएम कोर्ट के पास का है, जहां सेंट्रल बार एसोसिएशन की पूर्व संयुक्त सचिव एडवोकेट मीता गुप्ता अपनी सीट पर बेल एप्लीकेशन तैयार कर रही थीं। इसी दौरान पास की सीट पर बैठी एडवोकेट रफत जहाँ से सीट को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर रफत जहाँ के पति वाहिद ने गुस्से में आकर फावड़ा उठाया और जान से मारने की नीयत से मीता गुप्ता की गर्दन पर वार कर दिया।
सौभाग्य से मीता गुप्ता समय रहते पीछे हट गईं, जिससे वार उनके हाथ पर लगा। इस दौरान उनके हाथ में सूजन और गुम चोटें आईं। घटना का वीडियो उनके जूनियर अधिवक्ता ने मोबाइल से बनाना शुरू किया तो आरोपी वाहिद अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
सूचना पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और मीता गुप्ता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। उन्होंने सदर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।