शाहजहाँपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / शाहजहाँपुर

संपत्ति विवाद में चाचा की गोली मारकर हत्या : गढ़िया रंगीन पुलिस ने भतीजों को किया गिरफ्तार

शाहजहाँपुर | 16-Feb-2026 07:47 PM | 253 |
शाहजहाँपुर
गढ़िया रंगीन पुलिस ने भतीजों को किया गिरफ्तार

शाहजहांपुर। थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र में महाशिवरात्रि के दिन जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गोगेपुर स्थित मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे 50 वर्षीय वीरेश सिंह की उनके ही भतीजों ने कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, खमरिया गांव निवासी वीरेश सिंह रविवार को कार से गोगेपुर मंदिर जा रहे थे। उनके साथ एक भतीजा और गांव के तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। आरोप है कि रास्ते में अन्य भतीजों ने थार और स्कॉर्पियो गाड़ियों से उनकी कार का पीछा किया। हमलावरों ने आगे-पीछे से टक्कर मारकर उनकी कार को सड़क किनारे गड्ढे में गिरा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद आरोपितों ने वीरेश सिंह को कार से बाहर खींच लिया और उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर और मारपीट में कार सवार अन्य पांच लोग भी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब 800 गज के प्लॉट को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रही रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गढ़िया रंगीन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद भतीजों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य संकलन और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है तथा अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.