शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पिछोर पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम...
शिवपुरी। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्री अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में पिछोर पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी ऊदल पुत्र गिरवल यादव (आयु 26 वर्ष) निवासी ग्राम विजयपुर थाना पिछोर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कोटरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे की धारदार छुरी भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना पिछोर पुलिस ने 3 सितंबर 2025 को आरोपी को पकड़ा और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 504/25 धारा 25(2) आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में थाना पिछोर के अपराध क्रमांक 237/17 धारा 354, 323, 506 भादवि व पॉक्सो एक्ट में संलिप्त था। इस मामले में माननीय न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 74/21 में उसे स्थाई वारंटी घोषित किया गया था।
आरोपी ऊदल यादव पर पुलिस ने पहले संपत्ति कुर्की की कार्यवाही भी की थी, इसके बावजूद वह आठ वर्षों से फरार चल रहा था। लगातार तलाश के बाद पुलिस को आज सफलता मिली और आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों मामलों में माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सख्ती और अपराधियों पर लगाम कसने की मंशा का स्पष्ट संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सराहनीय भूमिका – इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश उपाध्याय, सउनि जहान सिंह, सउनि कमल सिंह बंजारा, प्रआर 703 रामहेत सिंह, आर 425 धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं आर हेमंत बाथम की अहम भूमिका रही।